हम भारत में विकिपीडिया के बारे में जागरूकता कैसे बढ़ा रहे हैं

Translate this post
चित्र: Suyash Dwivedi, CC BY-SA 4.0.

करोड़ों बोलने वालों के साथ हिन्दी विश्व की चौथी सबसे अधिक बोले जाने वाली भाषा है। इनमें से अधिकांश वक्ता भारत से हैं जहाँ विद्यार्थियों की संख्या विश्व में सबसे अधिक है और जो विश्व में सबसे अधिक युवाओं वाला देश बनने जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में भारत में इंटरनेट की पहुँच में बहुत बड़े पैमाने पर वृद्धि हुई और एक रिपोर्ट के अनुसार जून 2018 तक भारत में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 50 करोड़ होगी।

इस सब के बावजूद अंग्रेजी या हिन्दी दोनों के विकिपीडिया की जागरूकता बहुत कम है। उदाहरण स्वरूप, मध्य प्रदेश में केवल 32% इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने ही विकिपीडिया के बारे में सुना है।

इस स्थिति को बदलने के लिए विकिमीडिया फाउंडेशन ने हिन्दी विकिमीडिया समुदाय, जो स्वयंसेवक हिन्दी भाषा में विकिपीडिया और अन्य परियोजनाओं पर कार्य करते हैं, के साथ मिलकर हिन्दी विकिपीडिया के प्रचार के लिए एक वीडियो का निर्माण किया है।

वीडियो का निर्माण भारत में ही वीडियो निर्माण एवं डिजिटल मार्केटिंग में पारंगत एक स्थानीय एजेंसी की सहायता से किया गया। वीडियो 3 अप्रैल 2018 को लॉन्च हुई और आप उसे विकिमीडिया कॉमन्स पर देख सकते हैं।

समुदाय मार्केटिंग टीम में  अभिनव श्रीवास्तव, अभिषेक सूर्यवंशी, सुयश द्विवेदी, स्वप्निल करम्बेलकर, आशीष भटनागर, बिशाखा दत्ता, मानसा राव और सुभम सोनी मौजूद थे। हमें इन्हें भारत में विकिपीडिया के बारे में और हिन्दी विकिपीडिया का भविष्य कैसे होने वाला है यह जानने के लिए ईमेल किया।

———

  1. भारत में विकिपीडिया की जागरूकता कम क्यों हैं?

अभिषेक: विकिपीडिया की ब्रैंड जागरूकता बहुत कम है। कई लोग तो इसे गूगल का ही अंग मानते हैं। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि विकिपीडिया को एक अलग ब्रैंड के रूप में देखा जाए।

बिशाखा: भारत की 23 भाषाओं में बहुत मेहनत के बाद एक एक वाक्य और एक एक संदर्भ कर के विकिपीडिया परियोजनाओं का निर्माण किया गया है। पर साधारण जनता, एक नए अध्ययन के अनुसार 23.4 करोड़ भारतीय भाषी इंटरनेट उपयोगकर्ताओं, तक पहुंचने के लिए जितने प्रचार की आवश्यकता थी उतनी हमने नहीं की। हमने डिजिटल और मुख्यधारा माध्यमों द्वारा इनका पर्याप्त प्रचार नहीं किया है। जैसे कि एक बॉलीवुड फ़िल्म का प्रचार होता है। बाकी सब कारणों के बावजूद, यह एक बड़ा कारण है कि इसके बारे में कोई भी नहीं जानता है।

स्वप्निल: गाँवों में इंटरनेट और स्मार्टफ़ोनों की कम पहुंच के कारण; इसके साथ ही भारत में 25 से अधिक भाषाएँ हैं और हर भाषा में उच्च स्तर की सामग्री मौजूद नहीं है और अंग्रेजी का उपयोग कम है।

———

  1. हिन्दी समुदाय हिन्दी विकिपीडिया की जागरूकता बढ़ाने और इसके विकास के लिए क्या कर रहा है?

बिशाखा: सबसे अच्छी बातें जो मैंने सुनी हैं उनमें से एक है कि हिन्दी विकि सदस्यदल स्थापित हो गया है। बहुत बहुत मुबारक! पर जब यह ग्रुप बन रहा था तब भी समुदाय के सदस्य उत्तरी भारत में, जहाँ हिन्दी अधिक बोली जाती है, नए सदस्यों को लाने के लिए बैठकों, आउटरीच कार्यक्रमों और कार्यशालाओं का आयोजन करते आ रहे हैं। 14 सितंबर के आस पास हिन्दी दिवस के अवसर पर एक लेख लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया था।और हिंदी विकिपीडिया सदस्य एक नए वीडियो को लेकर अति-सक्रिय हैं जो कि बड़े पैमाने पर हिंदी विकिपीडिया के बारे में जागरुकता पैदा करने के लिए तैयार किया गया है।

अभिषेक: मैं सरकारी प्राधिकारियों के साथ मिलकर आपसी सहयोग की संभावनाएँ ढूंढ रहा हूँ। हम विश्व हिन्दी सम्मेलन में शामिल होने वाले हैं। हिन्दी समुदाय भारत और विदेश में कार्यशालाओं का आयोजन करने की योजना बना रहा है। इस कार्य के लिए सोशल मीडिया चैनलों का उपयोग भी किया जाता है।

सोनी: भारत में हिंदी विकिपीडिया को बढ़ावा देने के लिए पिछले दो वर्षों में बहुत प्रयास किए गए हैं और यह विज्ञापन उनका सबसे नवीनतम कार्य है। मुझे लगता है कि भारत में हिंदी विकिपीडिया के भावी पाठकों के लिए बहुत संभावनाएं हैं।

———

  1. हमें एकतारा वीडियो के बारे में बताएँ। उसमें क्या दिखाया गया है?

बिशाखा: मैं वीडियो के बारे में कुछ नहीं बता देना चाहती पर इस वीडियो में दिखाया है कि किस प्रकार भारत के एक हिन्दी भाषीय परिवार को विकिपीडिया के माध्यम से कुछ नया पता लगता है। यह भावनाओं को छूने वाली प्यारी सी वीडियो है। मुझे लगता है कि इससे लोगों में हिंदी विकिपीडिया के प्रति रुचि और ध्यानाकर्षण उत्पन्न होगा!

सोनी: वीडियो भारत में रोजाना जीवन की एक छोटी सी झलक है। हम एक छोटा सा परिवार देखते है जो कि कई भारतीय परिवारों के जैसे ही है। और हम दिखाते हैं कि कैसे हमारे रोजाना जीवन में विकिपीडिया महत्त्वपूर्ण बन गया है। इस वीडियो में हम देखते हैं कि लड़की विकिपीडिया पर अपनी दादी की तस्वीर देखती है और कैसे सारा परिवार जुड़ जाता है। और हमारे सबके पास ऐसी छोटी छोटी कहानियाँ हैं कि विकिपीडिया ने हमारे जीवनों को कैसे प्रभावित किया है।

अभिनव: वीडियो यह दिखाने की कोशिश करती है कि जब विकिपीडिया हमारे रोजाना जीवन में आता है तो यह किस प्रकार हमारे व्यवहार को प्रभावित करता है (भावनात्मक रूप से भी)। वीडियो में एक साधारण एकल परिवार लिया गया है जो भारत में हर जगह मौजूद हैं। यह अद्भुत है।

स्वप्निल: भारत में ऐसी वीडियो पहली बार बनी है। सुधार की संभावनाएं बाकी है। हम और लोगों का हिन्दी विकिपीडिया से परिचय करने के लिए उत्सुक हैं।

———

  1. वीडियो के साथ आप हिन्दी भाषीय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं को क्या बताना चाहते हैं?

अभिषेक: हिन्दी विकिपीडिया का विकास हो रहा है और यह चौथी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। हमें अधिक योगदानकर्ताओं की आवश्यकता है ताकि वेब पर हिन्दी का अच्छी तरह से प्रतिनिधित्व किया जा सके।

बिशाखा: इसका उपयोग करें! यह बहुत आसान है। इसका उपयोग करें! शायद आपको कुछ ऐसा मिल जाए जो आप जोड़ना चाहें? शायद आपको हिंदी सामग्री का छिपा खजाना मिल जाए, जिसके बारे में आप नहीं जानते थे?

सोनी: यदि आप हिन्दी में कुछ सीखना चाहते हैं, तो विकिपीडिया आपके लिए सबसे अच्छी जगह है। इतना ही नहीं, आप कुछ ही समय में इसे बनाने में मदद भी कर सकते हैं। आप बहुत कुछ सीखते हैं और आप आसानी से दूसरों को सीखने में सहायता कर सकते हैं। यदि आप एक हिन्दी पाठक हैं, तो आपको निश्चित रूप से हिंदी विकिपीडिया उपयोग करना चाहिए।

अभिनव: सीधा सीधा संदेश यह है कि विकिपीडिया पर लगभग हर विषय के बारे में जानकारी है और वह भी हिन्दी भाषा में। अस्पष्ट संदेश यह है कि विकिपीडिया के माध्यम से हम अंग्रेजी और अन्य भाषाओँ के बीच भाषा वर्ग विभाजन के साथ लड़ रहे हैं और यह कार्य हम चुपचाप परिणाम के आधार पर कर रहे हैं न कि एक आन्दोलन के रूप में।

———

  1. भविष्य में आपकी क्या योजनाएँ हैं?

सोनी: भविष्य में हमें विकिपीडिया की जागरूकता को और बढ़ाना है। समुदाय के बहुत से सदस्य बहुत मेहनत कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक भारतीयों को पता लगे कि विकिपीडिया क्या है और इसमें योगदान कैसे दिया जा सकता है। हमें उम्मीद है कि यह वीडियो हमारे मुख्य लक्ष्य तक पहुँचने में हमारी मदद करेगी जो है कि भारत में सभी को पता हो कि विकिपीडिया क्या है।

अभिषेक: हिन्दी समुदाय हिंदी को बढ़ावा देने के लिए मॉरिशस और भारत सरकार द्वारा आयोजित विश्व हिंदी सम्मेलन 2018 में भाग लेने की योजना बना रहा है। हम आशा करते हैं कि इससे हमें अधिक पाठकों को पाने में सहायता मिलेगी।

स्वप्निल: हम लोगों को विकिपीडिया के बारे में और दिखाना चाहते हैं। केवल इसका उपयोग करना के लिए नहीं बल्कि हिन्दी विकिपीडिया पर हमारे सामूहिक ज्ञान में अपना ज्ञान शामिल करना सिखाना चाहते हैं।

इंटरव्यू Satdeep Gill द्वारा, कम्युनिटी आउटरीच कोऑर्डिनेटर (इंडिया), प्रोग्राम मैनेजमेंट
Zack McCune, सीनियर ग्लोबल ऑडियंस मैनेजर, कम्युनिकेशन
विकिमीडिया फाउंडेशन

अनुवाद में सहायता के लिए सदस्य Shypoetess का हमारी और से धन्यवाद।

Archive notice: This is an archived post from blog.wikimedia.org, which operated under different editorial and content guidelines than Diff.

Can you help us translate this article?

In order for this article to reach as many people as possible we would like your help. Can you translate this article to get the message out?